शिमला टाइम
किन्नौर की उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने शुक्रवार को नाथपा में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 के संवेदनशील ब्लॉक पॉइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूस्खलन और पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण यातायात बाधित होने की समस्या से निपटने तथा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
नाथपा ब्लॉक पॉइंट पर भूस्खलन और पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर बार-बार यातायात बाधित होता है। इससे वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए यहां आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सेब सीजन के दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि बागवानों की सेब की फसल समय पर प्रदेश और देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लॉक पॉइंट पर चल रहे कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए और सेब से लदे वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए।
उन्होंने भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने और राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि मार्ग पर आवाजाही के दौरान बागवानों, वाहन चालकों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।










