शिमला टाइम
हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने वन एवं वन्यजीव अपराधों की प्रभावी जांच और कानूनी कार्रवाई को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। वन्यजीव सप्ताह-2026 के समापन समारोह के दौरान वन विभाग की ओर से प्रकाशित पुस्तिका ‘फील्ड गाइड—वन एवं वन्यजीव अपराधों की जांच और अभियोजन हेतु एक क्षेत्रीय मार्गदर्शिका’ का विमोचन किया गया।
इस पुस्तिका के लेखक डॉ. संजय सूद, भारतीय वन सेवा, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन बल प्रमुख) तथा एन. रविशंकर, भारतीय वन सेवा, उप अरण्यपाल हैं। यह मार्गदर्शिका वन विभाग के अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को वन एवं वन्यजीव अपराधों की पहचान, जांच और अभियोजन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
फील्ड गाइड में वन अपराधों की जांच के दौरान साक्ष्यों के उचित संकलन, दस्तावेजीकरण और कानूनी प्रक्रियाओं के अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन मिलेगा। इससे क्षेत्र में तैनात वन कर्मचारियों को अपराधों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने और अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में सहायता मिलेगी।
वन एवं वन्यजीव अपराधों की जांच में साक्ष्यों का सही संकलन और उनका उचित दस्तावेजीकरण कानूनी कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में यह पुस्तिका वन विभाग के कर्मचारियों के लिए उपयोगी संसाधन साबित हो सकती है। इससे वन अपराधों की रोकथाम, जांच प्रक्रिया में सुधार और दोषियों के खिलाफ प्रभावी अभियोजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पुस्तिका का विमोचन वन्यजीव सप्ताह-2026 के समापन समारोह के दौरान गणमान्य अतिथियों और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। यह प्रकाशन प्रदेश में वन एवं वन्यजीव संरक्षण को मजबूत बनाने और वन अपराधों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









