उपायुक्त ने जलशक्ति, लोक निर्माण और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, पेयजल, सिंचाई, सीवरेज और बाढ़ सुरक्षा योजनाओं की प्रगति जांची
शिमला टाइम, केलांग
उपायुक्त निवेदिता नेगी ने जलशक्ति, लोक निर्माण और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकासात्मक परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जलशक्ति विभाग के तहत संचालित पेयजल, सिंचाई, सीवरेज और बाढ़ सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा जल जीवन मिशन, एंटीफ्रीज पेयजल योजनाओं और हिमकैड के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने जनजातीय क्षेत्र विकास उपयोजना के तहत स्वीकृत बजट और विभिन्न मदों में खर्च की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय गुप्ता ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं, पूर्ण हो चुके कार्यों और प्रस्तावित बड़ी परियोजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों की कार्यप्रणाली तथा जल गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं की स्थिति पर भी चर्चा की गई। केलांग सीवरेज योजना और खण्डीप प्रवाह सिंचाई योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने सड़क एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रही परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीडीएनए, एसडीएमएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य योजनाओं के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अश्वनी कुमार गुलेरिया, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सूर्यकांत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









