शिमला टाइम, रामपुर बुशहर
लवी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस बार विशेष ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 4 से 6 नवंबर तक रामपुर बुशहर के पीजी कॉलेज सभागार में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक ऑडिशन प्रक्रिया चलेगी। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक रामपुर बुशहर में आयोजित किया जाएगा।
ऑडिशन में केवल ऐसे इच्छुक कलाकार भाग ले सकेंगे, जिनका अभी तक कोई गाना, वीडियो एल्बम या म्यूजिक रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन उनमें गायन और नृत्य की प्रतिभा है। ऑडिशन में चयनित कलाकारों को मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। चयनित कलाकारों को सांस्कृतिक संध्या के अनुरूप कार्यक्रम तैयार करना होगा। चयन के बाद किसी अन्य गाने या प्रस्तुति परफॉर्म करने की अनुमति नहीं होगी।
गायन के इच्छुक प्रतिभागियों को साउंड सिस्टम और लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ प्रस्तुति देनी होगी। वहीं, सोलो और ग्रुप डांस के प्रतिभागियों को अपनी पसंद के गानों की उच्च गुणवत्ता वाली फाइल पेन ड्राइव या मोबाइल में साथ लानी होगी।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि ऑडिशन में भाग लेने से पहले कलाकारों को निर्धारित पंजीकरण फॉर्म भरना होगा। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर और पूर्व अनुभव सहित अन्य जानकारी देनी होगी। इसके अलावा प्रदेश के नामी कलाकारों और जिन कलाकारों के अपने गाने या वीडियो एल्बम रिलीज हो चुके हैं, उनका चयन आवेदन के आधार पर मेला समिति करेगी।
इच्छुक कलाकार 5 नवंबर को शाम 5 बजे तक ईमेल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ अपने वीडियो एल्बम, गाने और प्रस्तुतियों के लिंक भेजना अनिवार्य होगा। आवेदन के लिए ईमेल sdmrampurbushahr@gmail.com जारी किया गया है। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति ने प्रतिभाशाली कलाकारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।









