मैहला स्कूल के नए भवन के लिए दो करोड़ रुपये देंगे मुख्यमंत्री, अगले सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम होगा शुरू, सीएम बोले- मां मेरे जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा

चम्बा ज़िला के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने किए 656 करोड़ रुपये के उद्घाटन एवं शिलान्यास
-मुख्यमंत्री

शिमला टाइम

चंबा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के चार दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मैहला ग्राम पंचायत में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मैहला के बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य और स्कूल की जरूरतों के बारे में जाना। विद्यार्थियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने स्कूल में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
संवाद के दौरान दसवीं कक्षा की छात्रा सुहानी ने मुख्यमंत्री के सामने स्कूल में विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की समस्या रखी। उसने अतिरिक्त कमरों के निर्माण का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री ने दो करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मैहला स्कूल को अगले शैक्षणिक सत्र से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध किया जाएगा। इसके लिए स्कूल के नए भवन के निर्माण को भूमि भी आवंटित की जाएगी।
बारहवीं कक्षा के छात्र चाणक्य ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा कैसे मिली। इस पर मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर के बारे में बताते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही उनमें नेतृत्व करने की भावना थी। सरकारी नौकरी के प्रति उनका कोई लगाव नहीं था। उन्होंने कक्षा प्रतिनिधि से लेकर मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया है। कॉलेज और विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जीतने के बाद उनका राजनीति की ओर रुझान बढ़ा। इसके बाद वह नगर निगम पार्षद बने और चार बार विधायक चुने गए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति को जीवन का मूल मंत्र बनाने की सलाह दी। चौथी कक्षा की एक छात्रा ने उनसे पूछा कि जीवन में उन्हें सबसे अधिक प्रेरणा किससे मिली। मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि उनकी माता उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विद्यार्थी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। चार दिवसीय चंबा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने तीसा, भटियात और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में 656 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *