जगुनी में स्थापित किया पिंजरा, लोगों से अपील खेतों में अकेले न जाएं
शिमला टाइम, रामपुर
रामपुर क्षेत्र में भालू के हमले की एक और घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे नोगीधार गांव में खेत में कोलथ निकाल रही 58 वर्षीय शीतला देवी पर काले भालू ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। तीन दिनों के भीतर रामपुर वन परिक्षेत्र में भालू के हमले की यह दूसरी घटना है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 18 से 20 सदस्यों का विशेष दल गठित किया है।
वन विभाग के अनुसार इससे पहले 3 नवंबर को बेसली गांव के हरि दास पर भालू ने हमला किया था। वह सुबह करीब 11 बजे जंगल में अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान वन खंड डी-115 में काले भालू ने उन पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला भेजा गया। विभाग की ओर से तत्काल राहत भी प्रदान की गई। इसके बाद 5 नवंबर को बेसली क्षेत्र में भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित किया गया।
दूसरी घटना का स्थान पहली घटना से करीब ढाई किलोमीटर दूर है। लगातार हमलों को देखते हुए वन विभाग ने मंडल स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल सहित 18 से 20 सदस्यों का विशेष दल गठित किया है। जगुनी में एक और पिंजरा स्थापित किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में भालू को भगाने वाले उपकरण लगाए गए हैं। रात के समय पटाखे चलाने तथा भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी कैमरे भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के साथ गश्त बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि अगले दो सप्ताह तक अकेले जंगल और खेतों में न जाएं। समूह में रहें और शोर करते हुए चलें। बच्चों एवं बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजें। भालू दिखाई देने पर उसे न छेड़ें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें।







