विधायक नंदलाल के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन आज, शिमला से रामपुर होते हुए पैतृक गांव देवठी ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

राजीव भवन में श्रद्धांजलि के लिए रखा जाएगा विधायक नंदलाल का पार्थिव शरीर

शिमला टाइम, रामपुर बुशहर
रामपुर के विधायक नंदलाल के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर बुशहर की ओर से जारी सूचना के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, शिमला में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
इसके बाद दोपहर 2 बजे बिथल (भेरा खड्ड) में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकत्रित होकर अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देंगे। यहां से उनकी अंतिम यात्रा सर्किट हाउस, रामपुर बुशहर तक निकाली जाएगी। दोपहर 3 बजे सर्किट हाउस में कांग्रेसजन एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करेंगे।
इसके पश्चात शाम 5 बजे विधायक नंदलाल के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव देवठी ले जाया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से अंतिम विदाई कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि नंदलाल का जाना रामपुर बुशहर की राजनीति, समाज और जनसेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संघर्षशील व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।
रामपुर बुशहर के विधायक नंदलाल के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर आज 3 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सुबह 10 बजे पार्थिव शरीर राजीव भवन में रखा जाएगा, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *