शिमला टाइम, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के सफल आयोजन को लेकर आज उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर एवं सचिव अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में उपमंडलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कानून एवं व्यवस्था, आवास, यातायात, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपमंडलाधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन 11 से 14 नवम्बर तक रामपुर बुशहर में किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) रामपुर परिसर में बैरिकेडिंग एवं बैठने की व्यवस्था की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त (विकास) एवं खंड विकास अधिकारी रामपुर को सौंपी गई है। वहीं, मेला मैदान में उद्घाटन एवं समापन समारोह के दौरान बैठने की व्यवस्था तथा मंच की साज-सज्जा का जिम्मा नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी एवं बागवानी विभाग के विषय विशेषज्ञ को दिया गया है।
मेले में आने वाले सांस्कृतिक दलों एवं अन्य अतिथियों के ठहरने और बिस्तरों की व्यवस्था के लिए अलग दल गठित किया गया है। इस दल को उपलब्ध आवासीय सुविधाओं का आकलन कर विभिन्न भवनों में ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पेयजल, बिजली एवं स्वच्छता सुविधाओं की स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य समय रहते करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त रामपुर में चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा आवास आवंटन का उचित रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहायक आयुक्त (राजस्व) एवं तहसीलदार रामपुर को प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके सहयोग के लिए विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त दूरभाष, सांस्कृतिक दलों के लिए आवास आरक्षण, प्रवेश पास एवं निमंत्रण पत्र तैयार करने तथा उनके वितरण के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मेले के दौरान चाय-पानी की व्यवस्था तथा भोजन कूपन वितरण के लिए भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मेला मैदान एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) रामपुर में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक दलों एवं अन्य प्रतिभागियों को दिए जाने वाले उपहार एवं स्मृति चिन्ह तैयार करने की जिम्मेदारी भी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी गई है।
उपमंडलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को निर्धारित समयावधि में पूरा करें तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए मेले के सफल आयोजन में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग बीरबल मोदी, सहायक अभियंता विद्युत विभाग राजेश मुखिया, सहायक अभियंता नगर परिषद अनिल गौतम, थाना प्रभारी रामपुर रमेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











